ड्यूटी से नदारद मतदान अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
सहारनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में मतदान के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले एक पीठासीन अधिकारी सहित दस मतदान अधिकारियों पर रिटर्निंग ऑफिसर ने कार्रवाई के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं जिला मजिस्ट्रेट को कार्रवाई की संस्तुति भेजी है।
जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या-13 के रिटर्निग ऑफिसर शिवनारायण शर्मा ने जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत को बताया है कि पंचायत उप चुनाव में पीठासीन और मतदान अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें से पीठासीन अधिकारी बबलूराम, प्रथम मतदान अधिकारी जयश्री एवं शिवकुमार, द्घितीय मतदान अधिकारी सोनल सिंह एवं शालिनी शर्मा और तृतीय मतदान अधिकारी नसीब सिंह, गुलाब सिंह नेगी, दीपक शर्मा, कुरम खान, सुनील दत्त विकास खंड सरसावा से मतदान सामग्री प्राप्त कर पोलिंग पार्टी के रवाना होने के समय अनुपस्थित रहे हैं। संपर्क करने पर सभी के मोबाइल बंद या नॉट रिचेबेल मिले। संपर्क होने पर बहानेबाजी कर निर्वाचन ड्यूटी करने से इंकार कर दिया। आरओ शिवनारायण शर्मा ने बताया कि ड्यूटी नहीं करने वालों के खिलाफ डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत को शिकायत दिया गया है।