पॉलिथीन बेचने वालों से वसूला साढे़ नौ हजार का जुर्माना
सहारनपुर। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार को कई दुकानों एवं फल विक्रेताओं की ठेलियों पर छापा मारकर पॉलिथीन जब्त की और 9500 रुपये का जुर्माना वसूल किया। साथ ही देहरादून बस स्टैंड के निकट खुले स्थान पर लघु शंका करने वाले व्यक्ति पर भी दो सौ रुपये जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार को कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में गंगोह बस स्टैंड, कोर्ट रोड, मंडी समिति स्थित सब्जी मंडी आदि क्षेत्रों में कई दुकानदारों और ठेली वालों से पॉलीथिन जब्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पॉलिथीन का प्रयोग किया तो ओर अधिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी रहेगा। प्रवर्तन दल ने देहरादून बस स्टैंड के निकट खुले में लघु शंका करने वाले एक व्यक्ति पर दो सौ रुपये का जुर्माना लगाया। इस दौरान सेनेट्री इंस्पेक्टर ज्योति, मनोज, राजबीर सिंह, अमित, कैप्टन नरेश चंद, मेजर प्यारा सिंह, हेमराज सिंह, शिव कुमार, जगपाल, नवीन, प्रदीप, प्रवीन आदि मौजूद रहे।