- राजस्व विभाग के साथ ही पुलिस टीमें भी पराली जलाने पर रखेंगी नजर
- जिले में अब तक 12 किसानों की हो चुकी है गिरफ्तारी
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। थाना और चौकी क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं के साथ ही प्रभारियों को अब खेतों पर भी निगरानी रखनी पड़ेगी। पराली जलती मिलने पर उन्हें राजस्व विभाग को सूचित करना होगा। जिले में पराली जलाने के मामले में अब तक 12 किसानों पर कार्रवाई हो चुकी है। इसको लेकर राजस्व विभाग की टीम और पुलिस अलग-अलग तहसीलों में बैठक कर किसानों को जागरूक कर रही हैं।
प्रदूषण पर नियंत्रण के मद्देनजर दो सप्ताह पहले ही कमिश्नर संजय कुमार और जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने राजस्व विभाग की टीमों को पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखने और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद गंगोह, रामपुर मनिहारान, बेहट सहित अन्य तहसीलों में जागरूकता के लिए बैठकें भी कराई गईं। लेकिन पराली जलने की घटनाएं कम नहीं हुईं। इसके चलते देहात कोतवाली पुलिस ने ही मंगलवार को छह किसानों के चालान कर गिरफ्तार किया था।
वर्जन
- शासन स्तर पर पराली जलाने की घटनाओं पर कार्रवाई की जा रही है। अब थाना और चौकी प्रभारियों से भी कहा गया है कि वे अपने क्षेत्र में खेतों में पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखें। किसान जागरूक रहेंगे तो ऐसी कार्रवाई भी नहीं करनी पड़ेगी।
डॉ. एस चेनप्पा, एसएसपी।