पुलिस लाइन सभागार में क्राइम मीटिंग लेते एसएसपी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। एसएसपी आकाश तोमर ने कहा कि अभियान चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कसें। चुनाव को लेकर पुलिसकर्मी सतर्क रहें। इसके तहत शरारती तत्वों को मुचलकों में पाबंद किया जाए। जेल से छूटकर आए आरोपियों पर भी कड़ी नजर रखें।
पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को आयोजित क्राइम मीटिंग में एसएसपी आकाश तोमर ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनका भी निस्तारण कराया। एसएसपी ने कहा कि लंबित विवेचनाओं से तेजी से साथ निपटाएं। वांछित, वारंटी, मादक पदार्थ और शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करें। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्येक थाने पर पुलिस टीम का गठन कर शरारती तत्वों को चिह्नित किया जाए। ऐसे लोगों को मुचलकों में पाबंद किया जाए, जिन लोगों के पास लाइसेंसी हथियार हैं, उनका सत्यापन कराएं। इसके साथ ही चुनाव को लेकर शस्त्र जमा कराने की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर कर लें। प्रत्येक थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और बीट सिपाही अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों पर नजर रखें। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को थाने पर लाकर पूछताछ की जाए। इस दौरान एसपी सिटी राजेश कुमार, एसपी देहात अतुल शर्मा, एसपी ट्रैफिक प्रेमचंद, एएसपी प्रीति यादव, सीओ नीरज, दुर्गा प्रसाद तिवारी मौजूद रहे।