बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर थाना में तैनात उप निरीक्षक एवं कांस्टेबल को बादशाही बाग स्थित एक ढाबे पर नशे में हंगामा करने के आरोप में एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने मिर्जापुर थाना प्रभारी की रिपोर्ट पर कार्रवाई की है। निलंबित किए गए दोनों पुलिसकर्मियों की हरकत ढाबे पर लगे सीसीटीवी में भी कैद बताई जा रही है।
मिर्जापुर क्षेत्र के बादशाहीबाग में एक ढाबा है। ढाबा मालिक संजय कश्यप का आरोप है कि थाना मिर्जापुर में तैनात उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार एवं सिपाही अंकित मान नशे में उसके ढाबे पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उसने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उसके साथ भी बदसलूकी की। उपनिरीक्षक व सिपाही की हरकत ढाबे पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिनके आधार पर ढाबा मालिक संजय कश्यप ने दोनों की शिकायत एसएसपी दिनेश कुमार से की। उनके द्वारा सीसीटीवी फुटेज भी एसएसपी को दिखाई गई। ढाबा मालिक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की जांच मिर्जापुर थाना प्रभारी को दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दोनों आरोपियों को निलंबित कर दिया।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों पर नशे में हंगामा किए जाने एवं कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में कार्रवाई की गई है।