अग्रसैन चौक स्थित मोबाईल और एजेंसी पर लाखों की चोरी के बाद जांच करती फोरेंसिक विभाग की टीम और पुल?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। शहर में रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे से सटी एक दुकान में बृहस्पतिवार रात चोरों ने सेंध लगा दी। चोर शटर के ताले तोड़कर यहां से नगदी, मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
हैरानी की बात यह है कि इस दुकान से मात्र 10 मीटर की दूरी पर महाराजा अग्रसेन चौक पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है और 100 मीटर की दूरी पर ही बस अड्डा चौकी है। बस अड्डे के पास स्थित दुआ न्यूज एजेंसी के नाम से स्थित दुकान में यह घटना हुई। दुकान के स्वामी मनीष और रजत दुआ ने बताया कि रात में किसी समय चोर सामने वाले हिस्से वाले शटर के ताले तोड़कर यहां से करीब 70 हजार की नगदी, 30-35 मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य सामान ले गए। उन्होंने बताया कि रात को जाते समय वे अंदर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर गए थे। बाहर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन रात सबसे व्यस्त रहने वाली जगह और पुलिस भी तैनात रहती है। इसके बाद भी चोर सेंध लगा गए। थाना सदर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि घटना की जांच करवाई जा रही है। आसपास के स्थलों से भी सुराग जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना को अंजाम देने वालों का पता लगाया जाएगा।