देवबंद। हाईवे पर वाहनों में लिफ्ट लेकर लूटपाट करने वाले हनी ट्रैप गिरोह का थाना पुलिस ने खुलासा किया है। मुठभेड़ के बाद एक लड़की सहित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक के पैर में गोली लगी हैं। लड़की हाईवे पर खड़ी होकर वाहन चालकों से लिफ्ट मांगती थी। इसके बाद एक सुनसान जगह वाहन रुकवाती थी। वहां इसके साथी पहुंचकर वाहन चालकों से लूटपाट करते थे।
कोतवाली पुलिस बृहस्पतिवार रात खड़ंजा नहर की पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खेड़ी आसा की तरफ से एक बाइक आती दिखाई दी। उस पर दो लोग सवार थे।
पुलिस को देखकर बाइक सवार फायरिंग करते हुए वहां से भागने लगे, तभी उनकी बाइक फिसल गई। इसी दौरान जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घायल बदमाश देवबंद के मोहल्ला पक्का बाग निवासी बाबर और उसके साथी मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी फैसल को गिरफ्तार कर लिया।
बाबर के खिलाफ पहले भी अलग-अलग अपराध के छह मामले देवबंद थाने में दर्ज है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह है। गिरोह में शामिल युवती रात के समय हाईवे किनारे खड़े होकर वाहनों से लिफ्ट मांगती है। वाहन रुकते ही चालक को युवती अपनी बातों में फंसाती है और थोड़ी दूर जाने के बाद पहले से निर्धारित सुनसान रास्ते पर वाहन रुकवा लेती है। गिरोह ने 26 मई को दिल्ली-देहरादून हाईवे पर ट्रक चालक को शिकार बनाया था।