धर्म सिंह की मौत के मामले में सोमवार को वाल्मीकि समाज के लोगों ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर देवबंद पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। चेतावनी दी कि पुलिस ने आरोपियों को बचाने की कोशिश की तो समाज के लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
सोमवार सुबह भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (भावाधस) के जिला संयोजक हरीश बोहत और सुनेश की नेतृत्व में समाज के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने बताया कि देवबंद के डेहरा गांव में वाल्मीकि समाज के धर्म सिंह पर 11 मार्च को भूषण, इसम और मेहरचंद ने सिर में लोहे की बारी और सरियों से हमला किया था।
आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 की बजाय 307, 304, 504 और एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज किया। चेतावनी दी गई कि यदि हत्या के मामले को दूसरे आरोप में बदलने के प्रयास किए गए तो समाज के लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।
पीड़ित परिवार को आरोपियों से सुरक्षा दिलाने की मांग की गई। रोष जताने वालों में बृजमोहन, बिशंबर सिंह, हरपाल, सोनू बिरला, रतन वाल्मीकि, दयाराम, विक्की, तिलकराज बिरला, रूपेश कुमार, दीपक बिरला, हुकम चंद, निवेंदर, सुनील भंबक, सावन बोहत, सूरज बबरीक, संदीप, रमेश बिरला, प्रवीण, राहुल आदि शामिल रहे।