Provides information about the accident victim's family member.
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में निजी कंपनियों द्वारा फोर-जी के लिए सड़कों के किनारे खोदे जा रहे गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। सोमवार को ऐसे ही एक गड्ढे के कारण बाइक सवार अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे जा घुसा, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में कंपनी के खिलाफ रोष है। झबरेड़ा के मोहल्ला भंगियान छावनी धोबीयान तेलियान निवासी मुकेश (40) पुत्र रतिराम सराफा कारोबारी था। सोमवार की दोपहर वह बाइक से पेपर मिल रोड से सहारनपुर आ रहा था।
दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वह संजोग बैंक्वेट हॉल के पास पहुंचा तो सड़क किनारे खोदकर छोड़े गए करीब पांच फुट गड्ढे की मिट्टी पर बाइक का पहिया चढ़ने से बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे मुकेश बाइक समेत सड़क पर जा गिरा।
इसी दौरान तेज गति से पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया मुकेश के शरीर के बीच से उतरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर भीड़ लग गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मुकेश को जिला अस्पताल पहुुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
मृतक के पास एक बैग था, जिसमें मिले उसके फोटो पहचान पत्र से पुलिस उसकी पहचान कर सकी। सूचना पर रोते-बिलखते पहुंचे मुकेश के भतीजे ने परिजनों और रिश्तेदारों को फोन कर मौके पर बुलाया। कोतवाली प्रभारी गिरीश कुमार जयंत ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।