सहारनपुर में अधोमानक कीटनाशक बिक्री की शिकायतों के मद्देनजर कृषि विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को देर रात तक जिले भर में की गई छापेमारी से कीटनाशक विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।
छापे के दौरान 12 कीटनाशकों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। कुछ कमियां पाए जाने पर चार दुकानों के लाइसेंसों को निलंबित कर दिया गया।बृहस्पतिवार को कृषि विभाग की तीन टीमों ने जिले भर में कीटनाशकों की दुकानों पर छापेमारी की।
तीनों टीमों ने निरीक्षण के दौरान 38 बिक्री केंद्रों में चेकिंग की। जिनमें से कीटनाशकों के 12 नमूनों को जांच के लिए लिया गया है। कुछ कागजात अधूरे पाए जाने पर पांच दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जबकि कमियां पाए जाने पर चार कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। तहसील सदर और बेहट में उप कृषि निदेशक एसी शर्मा, तहसील रामपुर मनिहारान एवं देवबंद में जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह और नकुड़ तहसील में जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजीव कुमार सिंह के
नेतृत्व में बनी टीमों ने छापेमारी की। उन्होंने बताया कि जांच के लिए लिए गए कीटनाशकों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। कीटनाशकों के अधोमानक पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।