सहारनपुर से दिल्ली वाया शामली रेल लाइन के दोहरीकरण और विद्युतीकरण को हरी झंडी मिल गई है। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा 20 दिसंबर को नानौता में लाइन के विद्युतीकरण और दोहरीकरण का शुभारंभ करेंगे।
सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने उक्त लाइन के सिंगल होने की समस्या से रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को अवगत कराते हुए इसके दोहरीकरण और विद्युतीकरण की मांग उठाई थी। उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्रालय ने लाइन के दोहरीकरण और विद्युतीकरण को हरी झंडी दे दी।
रेल राज्य मंत्री 20 दिसंबर को नानौता में कार्य का शुभारंभ करेंगे। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने बताया कि लाइन के दोहरीकरण और विद्युतीकरण के बाद ट्रेनों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
ऐसे में ट्रेनें और गति और बिना बाधा के चलेंगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा। सांसद की मांग पर रेल मंत्रालय ने रामपुर मनिहारान के गांव जंधेड़ा समसपुर में रेलवे हाल्ट की घोषणा की है।
साथ ही अजमेर-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का स्टापेज भी रामपुर मनिहारान में करने की घोषणा की है। साथ ही देवबंद प्रधानमंत्री कौशल केंद्र की स्थापना19 सितंबर 2017 को करने की घोषणा की गई है। इसका शुभारंभ खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये करेंगे।