देहरादून चौक पर कर्फ्यू के चलते वाहनो को रोकती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना कर्फ्यू के बीच लोगों ने सरकार की गाइड लाइन का उल्लंघन किया। जिले में मास्क न लगाने और कर्फ्यू के दौरान बाहर निकलने पर 3782 लोगों के चालान काटकर करीब दो लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही लोगों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
शनिवार की रात आठ बजे से लागू हुए जनता कर्फ्यू का पालन कराने के साथ सख्ती बरतने के एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे, जिसमें पुलिस-प्रशासन सफल भी रहा। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रहा, लेकिन जनपद में कुछ जगहों पर लोगों ने शासन-प्रशासन की गाडइ लाइन का उल्लंघन किया। इसके तहत मास्क न लगाने पर 910 लोगों के चालान कर करीब एक लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर करीब 2872 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा, एसपी सिटी राजेश कुमार और एसपी देहात अतुल शर्मा ने कोरोना कर्फ्यू के दौरान शहर और देहात क्षेत्रों में भी भ्रमण कर जायजा लिया।
मानकमऊ में लग गई रेहड़ियां
सहारनपुर। जनता कर्फ्यू के दौरान मानकमऊ में नियमों को ताक पर रख दिया गया। शाम पांच बजे के बाद सड़कों पर कई जगहों पर फल व सब्जी की रेहड़ियां लग गई। लोगों की आवाजाही भी सड़क पर नजर आई। इसी तरह चिलकाना रोड पर स्थिति रही, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
कोरोना कर्फ्यू के चलते देहरादून रोड़ पर चलते वाहन को रोककर कर पुछताछ करती पुलिस व नागरिक सुरक्षा - फोटो : SAHARANPUR