पांवधोई पटरी पर जाम से जूझे लोग
सहारनपुर। सड़कों पर फैले अतिक्रमण को हटाने के मामले में निगम के अधिकारी फेल साबित हो रहे हैं। पांवधोई नदी के किनारे की सड़क पर ही लगी सब्जी मंडी के कारण रविवार को लोग जाम से जूझे। दो दिन पहले पहुंचे अपर नगरायुक्त राजेश यादव और सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम आदेशों पर भी यहां कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सब्जी मंडी की बगल में पांवधोई नदी पर नया पुल बनाया जाना है, जिसके लिए एक सप्ताह से पुराने पुल को तोड़ने का कार्य चल रहा है। इसके लिए निर्माण एजेंसी ने नदी के दोनों ओर टीन की चादरों से बैरिकेडिंग की हुई है। बैरिकेडिंग की वजह से सड़क और संकरी हो गई है। दो दिन पहले अपर नगरायुक्त राजेश यादव और सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सब्जी मंडी का निरीक्षण करते हुए सड़क पर दुकान लगाने वालों को चेतावनी दी थी, लेकिन रविवार को सब्जी की दुकानें सड़क पर ही रही। एक ओर बैरीकेडिंग और दूसरी ओर सब्जी की दुकानों के कारण दोपहर में दोनों ओर लंबा जाम रहा जिसमें लोग जूझते रहे। गौरतलब है कि सब्जी की दुकानों और फलों की रेहड़ियों की वजह से सड़कों पर 20 फुट तक अतिक्रमण है।
पुल को बना दिया पार्किंग और वेंडिंग जोन
इससे पहले पांवधोई नदी पर ही चौकी सराय के पास फोरलेन पुल का निर्माण किया गया है। पुल को तैयार हुए करीब छह माह हो चुके हैं। पुल के ऊपर नगर निगम ने आई लव माई सहारनपुर का लाइटिंग वाला बोर्ड भी लगाया है। लेकिन बोर्ड के नीचे पुल पर खड़ी की जा रही कार और बाइकें सहारनपुर की सुंदरता को दाग लगा रही हैं। पुल के दोनों ओर नए फल विक्रेता खड़े होना शुरू हो गए हैं, जिसकी वजह से पुल से गुजरना मुश्किल हो रहा है।
वेंडिंग जोन बन जाते तो कम होती समस्या
नगर निगम के अधिकारी बीते कई साल से शहर में वेंडिंग जोन बनाने की बात कह रहे हैं, जहां सब्जी और फल विक्रेताओं को शिफ्ट किया जाएगा। लेकिन वेंडिंग जोन नहीं बनने के कारण ही सब्जी और फल विक्रेता सड़कों पर दुकानें और रेहड़ियां लगाकर जाम का कारण बन रहे हैं।
सब्जी मंडी के निरीक्षण के दौरान सब्जी विक्रेताओं और दुकानदारों द्वारा सड़कों पर अतिक्रमण किया जाना पाया गया था। दुकानदारों को सामान दुकानों में रख कर बेचने को कहा गया है। भविष्य में सामान सड़कों पर रखा मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नगरायुक्त के साथ चर्चा करने के बाद अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश यादव, अतिक्रमण प्रभारी/अपर नगर आयुक्त
जामा मस्जिद के सामने सड़क पर हुआ अतिक्रमण- फोटो : SAHARANPUR
पांवधोई नदी पर बने पुल पर हुआ अतिक्रमण और पीछे लगा आई लव सहारनपुर का बोर्ड- फोटो : SAHARANPUR