जनपद में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। रविवार को भी न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड से शहर से देहात तक लोग कांपते रहे। हालांकि कोहरा छंटने और धूप निकलने के बाद कुछ राहत जरूर मिली। लेकिन सूरज ढलते ही सर्द हवाओं ने फिर से मुश्किल बढ़ा दी।
रविवार तड़के पांच बजे सहारनपुर का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय मौसम में भारी कोहरा रहा, जो शनिवार रात नौ बजे से पहले ही आ गया था। कोहरे के साथ ही शीतलहर से ठंडक अधिक रही। हालांकि कोहरा जल्दी छंट गया।
दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत रही। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। मगर सूर्य के अस्त होने के बाद फिर से तापमान तेजी से गिरा। शाम पांच बजे तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस था।
ठंड से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। गर्म कपड़े भी ठंड से राहत नहीं दिला पा रहे हैं। लोगों केे अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। अलाव के लिए पर्याप्त सामग्री न मिलने की वजह से लोग कचरा और पॉलीथिन जलाने को मजबूर हैं, जो पर्यावरण के साथ ही लोगों की सेहत पर भी असर डाल रहा है।
दस तक बढ़ी स्कूलों में छुट्टी
सहारनपुर। ठंड के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने आठवीं तक के छात्र-छात्राओं की छुट्टी दस जनवरी तक बढ़ा दी है। गौरतलब है कि जनपद में पहली जनवरी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके चलते प्रशासन ने आठवीं तक के बच्चों की छह जनवरी तक छुट्टी कर दी थी। सात जनवरी को रविवार का अवकाश रहा। रविवार को भी ठंड का असर कम न होने की वजह से प्रशासन ने छुट्टी दस जनवरी तक बढ़ा दी है। बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की। साथ ही परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों से स्कूलों में उपस्थित रह कर अन्य काम निपटाने के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो