फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

... और अधिकारियों से भिड़ गए छह गांव के लोग

Tue, 13 Mar 2018 11:26 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ सहारनपुर
विज्ञापन
अधीशासी अभियंता से नोकझोंक करते ग्रामीण। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में खेतों से होकर हाईटेंशन लाइन खींचने के लिए पहुंचे विद्युत निगम के अधिकारियों से किसान भिड़ गए। किसानों ने टावर लगवाए जाने का काम रुकवा दिया और बिना मुआवजे के एक इंच भी जमीन दिए जाने से इंकार कर दिया।
विज्ञापन


इसके बाद ग्राम नल्हेड़ा गुर्जर में आधा दर्जन गांवों के किसानों की पंचायत हुई। सूचना पर पुलिस, पीएसी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मंगलवार को उत्तर प्रदेश विद्युत वितरण निगम के अधिकारी अपने साथ पुलिस और पीएसी लेकर हाईटेंशन लाइन के टावर लगवाने के लिए ग्राम नल्हेड़ा गुर्जर पहुंचे।

इसकी सूचना मिलते ही गांव नल्हेड़ा गुर्जर के अलावा ग्राम छिदबना, मनानी, चांदनपुर, छपरहेड़ी के किसान भी मौके पर पहुंचे गए और अधिकारियों को घेर लिया। किसानों और विद्युत निगम के अधिकारियों की जमकर नोकझोंक हुई। किसानों ने विद्युत निगम की टीम को काम करने से रोक दिया।
विज्ञापन


इसके बाद सभी गांवों के किसानों ने नल्हेड़ा गुर्जर में पंचायत की। पंचायत की सूचना पर पावर ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता युवराज सिंह, सदर एसडीएम संगीता, सीओ यतेंद्र नागर ने मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, किसानों ने बिना मुआवजे के एक इंच भी जमीन देने से इंकार कर दिया।

किसानों ने बर्बाद फसल, पेड़ों की कटाई व टावर लगाने वाली भूमि का इंडिया गेल की तर्ज पर मुआवजा दिए जाने की मांग की। किसानों ने आरोप लगाया कि पावर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन ने लाइन बनाने के लिए किसानों के खेतों में टावर खड़े किए जाने का कार्य बिना किसानों की अनुमति के शुरू कर दिया है।

मुआवजा मिले बगैर किसान अपने खेतों में विद्युत निगम की टीम को नहीं घुसने देंगे। किसानों को नोटिस तक नहीं दिया। उधर, विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि किसानों को नियमानुसार ही मात्र फसल क्षति पूर्ति का मुआवजा दिया जाएगा।

टावर का मुआवजा दिए जाने का उनके विभाग में कोई प्रावधान नहीं है। इस पर किसानों ने इंकार कर दिया और टावर का भी मुआवजा दिए जाने के बाद ही लाइन बनाने देने का एलान किया।

पंचायत में किसान ब्रह्म सिंह, यशपाल सिंह, रमेश, महेश कुमार, पप्पू प्रधान, कर्ण सिंह, नरेश, जयपाल, शेरसिंह, राजेंद्र, पहल सिंह, अनिल, रविंद्र, कर्म सिंह यादव समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे। 

किसानों को नियमानुसार दिया जा रहा है मुआवजा
किसानों को प्रति पेड़ 1300 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। विभाग जो तय करेगा उसके हिसाब से किसानों को अन्य मुआवजा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने किसानों से कहा कि जनपद को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति दिए जाने को लेकर अक्तूबर से पहले टावरों का काम पूरा किया जाना है।
- युवराज सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण निगम

शीघ्र दिलाया जाएगा मुआवजा
किसान टावर बनाने का कार्य शुरू करने दें। एक सप्ताह में उन्हें मुआवजे की पहली किस्त दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान अपनी एक कमेटी बनाकर समस्या के समाधान के लिए कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर अपनी बात रखें।
विज्ञापन

- संगीता, उप जिलाधिकारी, तहसील सदर, सहारनपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें