सहारनपुर, देवबंद। मोहल्ला बैरून कोटला में स्थित शिव मंदिर में बृहस्पतिवार को फिर से पूजा अर्चना की जाएगी। बघरा आश्रम के पीठाधीश्वर यशवीर महाराज ने अधिकारियों से सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
बता दें, कि योग साधना यशवीर आश्रम बघरा के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने 9 मार्च को देवबंद के मोहल्ला बैरुन कोटला पहुंचकर पूजा अर्चना करते हुए शिव मंदिर को जागृत किया था। ये मंदिर मुस्लिम आबादी के बीच है। जिसे सैनी समाज ने करीब 50 वर्ष पूर्व स्थापित किया था। 12 वर्ष पहले ये लोग मोहल्ला छोड़कर अलग-अलग स्थानों पर निवास करने लगे थे। जाते समय वह मंदिर से मूर्ति भी उठाकर ले गए थे।
बाद में इंदिरा विहार में मंदिर बनाकर मूर्तियों को विधिविधान से स्थापित किया गया था। बुधवार को यशवीर महाराज ने बयान जारी कर बताया कि बृहस्पतिवार को हिंदू समाज के लोग 1992 के बाद पहली बार शिव मंदिर में होली के उपलक्ष्य में पूजा अर्चना करने पहुंचेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने हिंदू समाज से पूजा अर्चना में भाग लेने का आह्वान किया है।