तल्हेड़ी बुजुर्ग। गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर डिवाइडरों को तोड़कर बनाए गए अवैध कट राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन रहे हैं। क्योंकि इन अवैध कटों के कारण हाईवे पर आएं दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन हाईवे निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
तल्हेड़ी बुजुर्ग से देवबंद तक करीब 10 किलोमीटर के दायरे में लोगों ने लगभग एक दर्जन स्थानों पर सड़क के बीच बने डिवाइडर तोडक़र अवैध कट बना लिए हैं। इन कटों का उपयोग दुपहिया वाहन चालक लगातार कर रहे हैं। कई बार वाहन चालक अचानक कट से सड़क पार करने लगते हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों को संभलने का मौका नहीं मिलता और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
इन अवैध कटों पर अक्सर छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। विशेष रूप से सुबह और शाम के समय यातायात अधिक होने के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। आश्चर्य की बात यह है कि हाईवे पर सड़क सुरक्षा और निगरानी के लिए संबंधित कंपनी की गाड़ियां दिनभर गश्त करती रहती हैं, बावजूद इसके इन अवैध कटों की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इन कटों को बंद नहीं कराया गया तो भविष्य में यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।