जिला अस्पताल चौक पर बिना मास्क के जा रही महिला का चालान करती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण बढ़ने के बावजूद लोगों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। मास्क लगाए बिना ही बाजारों और सड़कों पर घूम रहे लोगों के बृहस्पतिवार को पुलिस ने चालान काटे है। इसके साथ ही मास्क लगाने की हिदायत दी।
बृहस्पतिवार को एसएसपी डॉ. एस चनप्पा के निर्देश पर जिलेभर में अभियान चलाया गया। शहर में घंटाघर, देहरादून चौक, जनकपुरी चौक, चौधरी चरण सिंह, दीवानी कचहरी तिराहा, कलक्ट्रेट तिराहा, हसनपुर तिराहा, नकुड़ तिराहे साथ ही अनेक जगहों पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। एक हजार से अधिक लोगों के मास्क न लगाने पर चालान काटे गए। एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से सरकार की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की।
गलत साइड आ रहे लोगों को वापिस भेजा
सहारनपुर। कोर्ट रोड पुल निर्माण कार्य के चलते पुलिस ने शहर में वन-वे व्यवस्था लागू की है। इसके तहत कोतवाली सदर बाजार तिराहे से हकीकतनगर चौक, पुलिस लाइन मार्ग से कलक्ट्रेट तिराहे होते हुए दिल्ली व जैन कॉलेज रोड की तरफ ट्रैफिक निकाला जा रहा है। दिल्ली व जैन कॉलेज रोड की तरफ से जिला अस्पताल की तरफ जाने वाले लोगों को दीवानी तिराहे से जाने दिया जा रहा है। मगर, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग कलक्ट्रेट तिराहे से हकीकतनगर की तरफ गलत दिशा में जाने की कोशिश करते हैं। ऐसी स्थिति सदर कोतवाली तिराहे पर बनी है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में लोगों को वापिस भेजा और कुछ के खिलाफ कार्रवाई भी की।
जिला अस्पताल चौक पर बिना मास्क के घूम रहे लोगो का चालान करती पुलिस- फोटो : SAHARANPUR