बेहट, तीतरो, बड़गांव। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से पूरे देश में हाहाकार मचा है। इसके बावजूद शनिवार को बेहट में कुछ लोगों द्वारा कोरोना कर्फ्यू का खुला उल्लंघन किया गया। सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गईं। वहीं, कुछ दुकानें भी खुली रहीं।
प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना चेन तोड़ने के लिए 59 घंटे का कोरोना कर्फ्यू लगाया गया। इसके बावजूद लोग खुला उल्लंघन कर रहे हैं। शनिवार को बेहट में कोरोना कर्फ्यू के पहले दिन किसी भी चौराहे एवं नाके पर पुलिस दिखाई ही नहीं दी। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी होने के बाद भी कुछ लोग बेवजह सड़कों पर घूमते नजर आए। जिला प्रशासन ने आवश्यक सुविधाओं को छोड़कर अन्य सभी प्रतिष्ठानों को बंद रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कुछ व्यापारियों ने प्रतिष्ठान खोलकर नियमों का उल्लंघन किया। शाकंभरी तिराहे पर पुलिस नाके से कुछ दूर लोग मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के दौरान सामाजिक दूरी का पालन करना भूल बैठे।
तीतरो में भी कोरोना कर्फ्यू के दौरान सड़कों पर आवाजाही बदस्तूर जारी रही। गंगोह-नानौता व गंगोह-जलालाबाद मार्ग पर दुपहिया व चौपहिया वाहनों पर लोग बैखौफ घूमते नजर आए। पुलिस द्वारा रोके जाने पर तरह-तरह के बहाने बनाकर चलते बने। कोतवाली प्रभारी विशाल श्रीवास्तव का कहना कि पुलिस ऐसे लोगों का चालान काट रही है। बड़गांव में शनिवार को बाजार बंद रहे परंतु ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानें रोजमर्रा की तरह खुलीं। वहीं, लोग बिना मास्क सड़कों पर घूमते रहे।