सहारनपुर। कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि किसानों को बकाया गन्ना मूल्य भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए। जो चीनी मिल दीपावली से पहले किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करेगी उसके यूनिट हेड/जीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
सोमवार को अपने कैंप कार्यालय पर मंडल के जिला गन्ना अधिकारियों एवं चीनी मिलों के यूनिट हेड व जीएम के साथ बैठक में कमिश्नर ने यह बात कही। उन्होंने बजाज ग्रुप की गांगनौली, बुढ़ाना एवं थानाभवन चीनी मिलों द्वारा बार-बार वादाखिलाफी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले यदि गन्ना मूल्य बकाया का भुगतान नहीं किया गया तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले 180 करोड़ रुपये का भुगतान सुनिश्चित करें।
उप गन्ना आयुक्त डॉ. दिनेश्वर मिश्रा ने बताया कि मंडल में 1204 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान बकाया है। इसमें से सहारनपुर का 336 करोड़, मुजफ्फरनगर को 447 करोड़ एवं शामली का 421 करोड़ रुपये बकाया है। उन्होंने सहारनपुर की गांगनौली मिल को दीपावली से पहले 60 करोड़ रुपये का भुगतान करने के निर्देश दिए। शेरमऊ चीनी मिल को दीपावली से पहले 20 करोड़, गागलहेड़ी चीनी मिल को 19 करोड़ रुपये का भुगतान करने को कहा गया।
मुजफ्फरनगर की चीनी मिल रोहाना और तितावी ने दीपावली से पहले 100 प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान का वादा किया। मोरना चीनी मिल ने दीपावली से पहले पांच करोड़ रुपये का भुगतान करने की बात कही। मंसूरपुर चीनी मिल को दीपावली से पहले 40 करोड़, खाईखेड़ी को 17 करोड़ भुगतान करने के निर्देश दिए। शामली की थानाभवन चीनी मिल को दीपावली से पहले 60 करोड़ रुपये का भुगतान करने के निर्देश दिए।
बैठक में देवबंद, खतौली, शामली एवं ऊन के चीनी मिल की तरफ से कोई संतोषजनक उत्तर नहीं देने मंगलवार तक भुगतान की स्थिति स्पष्ट करने को कहा। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन डीपी सिंह, उप गन्ना आयुक्त डॉ. दिनेश्वर मिश्रा, जिला गन्ना अधिकारी सहारनपुर केएमएम त्रिपाठी, जिला गन्ना अधिकारी मुजफ्फरनगर आरडी द्विवेदी, जिला गन्ना अधिकारी शामली वीबी सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।