गुड़ छप्पर मार्ग की टूटी सड़क से गुजरते छात्र-छात्राएं
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। गुड़ छप्पर को जाने वाली सड़क पर भरा पानी राहगीरों के जी का जंजाल बन गया है। पानी भरने से सड़क खराब होने पर आए दिन यहां दुर्घटना भी हो रही है।
नगर से गुड़ छप्पर मार्ग पर पांच स्कूल स्थित हैं। इनमें प्रतिदिन हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से जाते हैं। सुबह मार्निंग वाक पर भी बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग पर जाते हैं। इस मार्ग पर आवासीय कालोनियां भी है, जिनकी जल निकासी का कोई प्रबंध आज तक नहीं किया गया। इनका पानी रास्ते पर भरने से सड़क तो टूट ही गई है, जल भराव होने से यहां से गुजरना तक दुश्वार हो गया है। इस पानी के चलते कई बार दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। स्कूल संचालक और नागरिक कई बार नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग से जल निकासी करा सड़क की मरम्मत की मांग कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
उधर लोनिवि के जेई का कहना है कि इस तीन सौ मीटर क्षेत्र में सीसी निर्माण, मरम्मत का कार्य कराने को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति के बाद कार्य कराया जाएगा।