घंटाघर पर सड़क पर ओटो खड़े करने के कारण कोर्ट रोड़ तक लगा जाम
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। महानगर में घंटाघर पर लगे जाम में फंसने से यात्री, राहगीर और नागरिक परेशान रहे। जल निगम की ओर से किए जा रहे सीवर डालने के कार्य के कारण अंबाला रोड पर जाम लग रहा है, जिससे नागरिकों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्मार्ट सिटी के तहत काफी दिनों से जल निगम की ओर से महानगर में सीवर डालने का काम चल रहा है। जिस कारण अनेक स्थानों पर सड़कों को खोद कर छोड़ दिया गया। इन दिनों जल निगम द्वारा अंबाला रोड और देहरादून रोड पर सीवर डाले जा रहे है। सीवर डालने के काम के चलते पूरा अंबाला रोड और देहरादून मार्ग वन वे हो गया है। इन मार्गों पर एक साइड की सड़क को जल निगम ने खोद कर छोड़ दिया है। अब ऐसे में तमाम यातायात एक ही साइड पर चलने के कारण यातायात बाधित हो रहा है। सोमवार को भी घंटाघर, अंबाला रोड, देहरादून रोड पर पूरे दिन जाम के हालात बन रहे हैं। दोपहर के समय जाम ज्यादा समय तक लगा रहा, ऐसे में जाम में फंसने से वाहनों में सवार यात्री, नागरिक और राहगीर भीषण गर्मी में हाल बेहाल रहे। घंटाघर पर पुलिस कर्मियों ने यातायात डायवर्ट करके जाम को खुलवाया, मगर इसके बाद भी जाम के हालात पूरे दिन बने रहे।