सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर घायल युवक और पास में बैठी पत्नी व बच्चा7
सहारनपुर। दीपावली के बाद अब ट्रेनों में छठ पर्व की भीड़ शुरू हो गई है। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर चलती जनसेवा एक्सप्रेस से यात्री नीचे गिर गया। इससे यात्री का पैर प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंस गया। प्लेटफार्म पर खड़े अन्य यात्रियों ने बमुश्किल पैर बाहर निकाला। पीड़ित का आरोप है कि उसे धक्का दिया गया।
शुक्रवार को अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जनसेवा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची। ट्रेन के सभी कोच में काफी भीड़ थी। कोई शौचालय में बैठा था तो किसी ने दरवाजे पर बैठकर सफर किया। धीरे-धीरे ट्रेन प्लेटफार्म पर रुक रही थी। आरोप है कि इसी दौरान घोघरेकी निवासी इमरान चलती ट्रेन से गिर गया। इससे उसका पैर प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच में फंस गया। प्लेटफार्म पर खड़े यात्रियों की नजर पड़ी। किसी तरह से प्लेटफार्म पर खींचा। पैर में चोट लगने पर इमरान प्लेटफार्म पर लेट गया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वह अपनी पत्नी शहजादी और बच्चे के साथ था। पीड़ित का आरोप है कि भीड़ में किसी ने धक्का दिया था। इस वजह से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।