ब्रह्मपुरी क्षेत्र की सुनारों की धर्मशाला में रविवार रात एक बार फिर एबी केबल में आग लग गई। यहां तारों में आग लगने के कारण आस पास के क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। रात 8 से 9 बजे तक बिजली नहीं रही। तार को बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई। जागृति विहार 2 बिजलीघर क्षेत्र में बिजलीघर में पावर ट्रांसफार्मर डैमेज हो गया। इस कारण शाम 4 बजे से 6 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
मरम्मत कार्य के चलते रविवार सुबह 8 बजे से 11 बजे तक गंगानगर क्षेत्र में भी बिजली नहीं रही। गंगानगर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से खराब चल रहे उपकरण को रविवार को बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई। जाहिदपुर उपकेंद्र क्षेत्र में सुबह 10 बजे से 4 बजे तक 33 केवी की लाइन का सुदृढ़ीकरण किया गया। इस कारण क्षेत्र के बजौट समेत कई जगहों पर बिजली नहीं रही।
शहर में शारदा रोड, दिल्ली रोड, बागपत रोड, फुटबॉल चौक, घंटाघर, मोहनपुरी, नई बस्ती, लोहिया नगर, मेडिकल आदि क्षेत्रों में बिजली बार बार आती जाती रही। अधीक्षण अभियंता शहर राजेंद्र बहादुर ने बताया कि गंगानगर में मरम्मत कार्य के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रही। मोहकमपुर के शिवपुरी में भी ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति शुरू कराई गई।
गर्मी में सड़कों पर सन्नाटा
- फोटो : अमर उजाला
आज डीएम आवास और कमिश्नरी में बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति
सोमवार को मेडिकल उपकेंद्र क्षेत्र के सिविल लाइन क्षेत्र में फूलबाग काॅलोनी के पास विद्युत पोल पर आइसोलेटर लगाने का कार्य किया जाएगा। इस कारण क्षेत्र के विक्टोरिया पार्क, सीएमओ कंपाउंड, डीएम आवास, एडीएम कंपाउंड, कमिश्नरी, पांडव नगर, पीएल शर्मा रोड, नेहरू रोड आदि क्षेत्रों में सुबह 8:30 से सुबह 10 बजे तक बिजली बाधित रहेगी।
सरधना में बुखार से मासूम की मौत
सरधना के मंढियाई गांव में अमरोज के तीन वर्षीय बेटे रुहान को शनिवार को बुखार हुआ था। रविवार सुबह बुखार तेज होने पर उसे चिकित्सक के पास ले गए। शाम करीब चार बजे तेज बुखार में बच्चे को दौरा पड़ गया। परिजन उसे तुरंत सरधना में चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रुहान का शव घर पहुंचा तो उसे देख परिजनों का बुरा हाल हो गया। रविवार शाम गमगीन माहौल में बच्चे के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। बुखार से बच्चे की मौत को लेकर ग्रामीणों में दहशत बन गई है। सीएचसी प्रभारी डाॅ. संदीप कुमार गौतम ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है। साथ ही गांव में टीम भेजकर जांच कराने की बात कही है।
पारा 43, दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा
राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं से वेस्ट यूपी की धरती तप रही है। शरीर झुलसा देने वाली गर्मी से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालत यह है कि लोग घरों में रहना ही मुनासिब समझ रहे हैं। सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा है। छह दिन से तापमान 40 डिग्री से नीचे नहीं आया है।
रविवार को सुबह से ही सूरज की तेज तपिश और हीटवेव के चलने से गर्मी का असर और तेज हो गया। लगातार बढ़ती गर्मी ने शहरवासियों को हलकान कर दिया है। सुबह से लेकर रात तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही है। अभी आने वाले दिनों में भी गर्मी का असर ऐसे ही बना रहेगा।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी तीन-चार दिन तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के चलते वेस्ट यूपी में पारा चढ़ता जा रहा है।
मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 43.0 व न्यूनतम 25.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. आरएस सेंगर का कहना है कि अभी राहत की उम्मीद नहीं है। लोग अपना बचाव करें।
प्रदूषण में हुआ सुधार
तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ शहर का प्रदूषण भी उछाल ले रहा है। शहर का औसत एक्यूआई शनिवार को 264 के स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन रविवार को तेज हवाओं के चलने से एक्यूआई लुढ़ककर 189 के स्तर पर पहुंच गया। जयभीमनगर सबसे प्रदूषित इलाका दर्ज किया गया, यहां एक्यूआई का स्तर दूसरे दिन भी 300 पार 346 दर्ज किया गया।