सहारनपुर। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। मतदाता सूची में संभावित डुप्लीकेट वोटरों का सत्यापन जारी है। ऐसे में जिले के सभी 11 ब्लॉकों में अभी तक कुल 27 हजार से अधिक नकली वोटर मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं।
जिले में 884 ग्राम पंचायतें हैं। इन पंचायतों में वार्डों की संख्या 11210 है। क्षेत्र पंचायत में वार्ड की संख्या 1206 है। इसी तरह जिला पंचायत के कुल 49 वार्ड हैं। 2021 के पंचायत चुनाव में जिले में करीब 1856173 मतदाता पंजीकृत थे। राज्य निर्वाचन आयोग ने संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सभी जिलों को भेजी थी। इसी कड़ी में जिले में 4.45 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाता पाए गए। इसके बाद से 1284 बीएलओ को ब्लॉकवार सूची सत्यापन के लिए दी गई।
इसके तहत अभी तक जिले में 2.43 लाख वोटरों का सत्यापन हो चुका है, जबकि 1.49 लाख वोटरों का सत्यापन अभी शेष है। गंगोह में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है।
यहां पर अभी तक सत्यापन में 4748 वोटरों के नाम हटाए गए हैं। इसके अलावा सत्यापन के बाद अभी तक सरसावा ब्लॉक में 7456 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
n प्रदेश में 19वें स्थान पर : पंचायत सूची में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के मामले में जिले का प्रदर्शन अन्य जिलों से बेहतर है। बुधवार तक जिला सत्यापन के मामले में प्रदेश में 19वें स्थान पर है। इसके अलावा सत्यापन कार्यों के तेजी से कराने के लिए सभी कर्मियों को निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वाले तीन बीडीओ और पांच एडीओ को चेतावनी भी दी गई है।