सहारनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आहट सुनाई देने लगी है। पहले मत पेटियों के लिए टेंडर प्रक्रिया और अब गांवों के परिसीमन पर जारी शासनादेश। संभावना है कि अप्रैल-मई 2026 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होंगे। जिले में परिसीमन के लिए कमेटी गठित होगी, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे।
प्रदेश के साथ ही जिले में भी अप्रैल-मई 2021 में पंचायत चुनाव हुए थे। इसके बाद से नए गांवों को मिलाकर छुटमलपुर नगर पंचायत बनाई गई है। इसके साथ ही वह ग्राम पंचायतें, जिनमें जनसंख्या एक हजार से कम हैं, उन्हें नजदीकी ग्राम पंचायतों में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा जो ग्राम पंचायतें के नगरीय क्षेत्र में शामिल हुई है और उसका शेष राजस्व गांव, ग्राम पंचायत के मानक पूरा करता है तो उसे भी नई ग्राम पंचायत बनाया जाएगा।
ऐसे में प्रभावित विकासखंड की ग्राम पंचायतों, राजस्व गांव की जानकारी पांच जून तक निर्धारित प्रारुप में शासन को उपलब्ध करानी होगी।
परिसीमन के लिए समिति में जिलाधिकारी के अलावा मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत व जिला पंचायत राज अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है। पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट से गांवों बैठकों का दौर जारी हो गया है। संभावित उम्मीदवार अपनी-अपनी दावेदारों को मजबूत करने के लिए भाग-दौड़ करने लगे हैं।