पुवांरका। चकहरेटी में कैंसर पांव पसार रहा है। लगातार संख्या बढ़ने से लोगों में दहशत व्याप्त है। कैंसर से पीड़ित कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग अभी भी इस जानलेवा बीमारी की चपेट में हैं।
चकहरेटी निवासी महावीर कश्यप, राजेश, मोहित, सलमान, अर्जुन, मोनू का कहना है कि गांव में कैंसर के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। कई लोगों की इस बीमारी से मौत होने के बावजूद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पुरुषों के साथ महिलाओं में भी यह बीमारी तेजी से बढ़ रही है। इस समय ऋषिपाल, मोहम्मद रिजवान व बाला देवी कैंसर से पीड़ित हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह इलाज के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
इसी गांव निवासी ओमवीर (43) की सही समय पर उपचार नहीं मिलने से एक सप्ताह पूर्व मौत हो गई है। परिजनों का कहना है कि रुपयों की तंगी व इलाज न होने के कारण वह ओमवीर का इलाज नहीं करा सके। मृतक के एक बेटा व दो बेटी हैं सबसे बड़ी बेटी सोलह वर्ष की है। मुखिया की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि खाने पीने की चीजों में मिलावट व दूषित पेयजल से कैंसर की बीमारी बढ़ती जा रही है।
विधानसभा में कैंसर का मुद्दा उठा चुके विधायक
देहात विधानसभा से विधायक आशु मलिक ने बढ़ते कैंसर के मरीजों का मुद्दा विधानसभा में उठा चुके हैं, जिस पर स्वास्थ्य विभाग टीम ने गांव घान्ना में शिविर लगाकर पेयजल के नमूने लिए गए थे। कैंसर मरीजों की संख्या बढ़ने को लेकर लोगों में भय का माहौल है।
चकहरेटी में कैंसर बीमारी का पता कराया जा रहा है। यदि कैंसर का प्रकोप है तो गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
शिवांका गौड़, जिला मलेरिया अधिकारी