देवबंद। तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने बुधवार को रणखंडी रेलवे फाटक में टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि हादसे के समय फाटक के आसपास वाहनों की भीड़ नहीं थी और कोई ट्रेन भी वहां से नहीं गुजर रही थी। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
बुधवार ट्रेनों के आवागमन के दौरान रणखंडी रेलवे फाटक बंद किया गया था। इसी दौरान तेज गति से आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर बंद फाटक से जा टकराई। टक्कर लगने से फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया। फाटक क्षतिग्रस्त होने के बाद ट्रेनों के आवागमन के दौरान सुरक्षा को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। रेलवे कर्मचारियों ने चैन लगाकर वाहनों को फाटक से गुजरने से रोका। साथ ही कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त फाटक की मरम्मत कर उसे दोबारा सुचारू कराया। स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था कर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं होने दिया गया।