बुखार रोगियों की निस्वार्थ सेवा में नगर के मेडिकल कॉलेज और ट्रस्ट भी जुट गए हैं। इतना ही नहीं कई समाजसेवी संगठन भी मानवता को सर्वोपरि रख स्वास्थ्य शिविर लगवा रहे हैं, ताकि आगे बुखार से कोई जनहानि न हो।
महमूद हाल में जामिया तिब्बिया एवं शमीम अहमद सईदी यूनानी हॉस्पिटल तथा मुस्लिम फंड ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क मेडिकल कैंप में सोमवार को 300 बुखार पीड़ित मरीजों के खून की जांच की गई। इस दौरान करीब 450 रोगियों को जांच उपरांत दवा भी दी गई।
अस्पताल के सचिव डा. अनवर सईद ने कहा कि मानव सेवा की यह छोटी कोशिश समाज के लिए समय पर की गई चिकित्सीय सहायता के परिणाम स्वरूप व्यापक रूप में लाभकारी साबित होगी। कैंप में डा. अख्तर सईद, डा. एहतेशामुलहक सिद्दीकी, फसीह सिद्दीकी आदि लोग मौजूद रहे।
देवबंद यूनानी मेडिकल कॉलेज द्वारा मोहल्ला बडजियाउलहक चौक पर मेडिकल शिविर लगाया गया। इसमें चिकित्सकों ने बुखार पीड़ित की जांच कर उन्हें एहतियात बरतने की सलाह दी गई। इस दौरान मुख्य अतिथि सपा के राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त शायान मसूद, एसडीएम डीपी सिंह, कोतवाल आरएन सिंह यादव, ईओ पवन कुमार, अंसार मसूदी, ताहिर हसन, तौसीफ जग्गी मौजूद रहे।
वहीं, सीएचसी की टीम ने इस्लामिया डिग्री कॉलेज में 102 रोगियों का उपचार कर औषधि वितरित की। 74 रोगियों के खून के नमूने भी लिए गए।
सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डा. वीके मिश्रा ने बताया कि 15 टीमें घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक कर रही हैं। उन्होंने लोगों से बर्तनों में पानी न रखने तथा आसपास सफाई रखने पर जोर दिया।