सहारनपुर। पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुना करने के लिए वचनबद्ध है। किसान और उपभोक्ता के बीच दूरी कम करने के लिए कृषि कानूनों में संशोधन किया गया है, लेकिन विपक्ष किसानों को गुमराह कर राजनीतिक रोटियां सेंक रहा है।
जनमंच सभागार में डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव की 73वीं वार्षिक बैठक में पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह मुख्य अतिथि रहे। कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन राजपाल सिंह, संचालक राज सिंह माजरा, चरण सिंह, राजेंद्र सिंह राठौर, सीटू कुमार, राजवीर सिंह ने मंत्री का माल्यार्पण व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। बैंक सचिव व मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार दुआ ने वर्ष 2019-20 कार्यों का ब्योरा दिया। चौधरी भूपेंद्र सिंह ने दिल्ली की घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसानों के उत्थान के लिए ही कानून बनाए गए, लेकिन विपक्ष किसानों को गुमराह कर रहा है। किसान उन्नति करेगा तो देश भी विकसित होगा। जनता ने 2014 व 2019 के लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया। मोदी व योगी सरकार ने अपने घोषणा पत्र के एक-एक वायदे को पूरा किया, जिससे विपक्ष बौखलाया हुआ है।
आयुष राज्यमंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सैनी ने कहा कि किसान, लघु उद्यमी और अन्य वर्गों के लोग बैंक के माध्यम से सहकारिता नीतियों का पूर्ण लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि किसानों को उच्च गुणवत्ता की बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। चौधरी राजपाल सिंह ने बैंक की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान विधायक देवेंद्र निम, किरत सिंह, बृजेश सिंह, बिजेंद्र कश्यप, जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, उप महाप्रबंधक प्रवेश राठी, मिहिर कुमार मिश्र, कृष्ण कुमार सिंह, जगमोहन सिंह, धीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
जनमंच में डिस्ट्रिक्ट को आपरेटिव बैंक के 73 वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में भाग लेते भाजपा प?- फोटो : SAHARANPUR