घने कोहरे से होकर गुजरते वाहन चालक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में घने कोहरे और शीत लहर से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सोमवार को दिन भर कोहरा छाए रहने और हवा चलने से लोग ठिठुरते नजर आए। लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा।
सप्ताह का पहला दिन होने के बावजूद बाजारों में रौनक नहीं दिखी। विजिबिलिटी पांच से दस मीटर होने की वजह से हाईवे पर वाहनों के पहिये रुक गए। शहर में भी वाहर रेंगकर चले। साल 2018 का पंहला दिन कोहरे की चादर ओढ़कर आया।
हालांकि कोहरा रविवार की रात नौ बजे ही आ गया था। इसकी वजह से रविवार-सोमवार रात भर देहरादून रोड, अंबाला रोड और दिल्ली रोड पर बड़े वाहन सड़कों किनारे कतार में खड़े कर देने पड़े। सोमवार की सुबह मौसम में घना कोहरा होने के साथ ही हल्की शीत लहर चल रही थी।
उम्मीद थी कि पिछले दिनों की तरह दस से 11 बजे धूप निकल आएगी, मगर सूर्यदेव ने दोपहर दो बजे हल्के से दर्शन दिए, जो दो घंटे बाद ही फिर कोहरे की चादर में छुप गए। हाड़ कंपा देने वाली ठंड से बचने के लिए लोग दिनभर गर्म कपड़ों और चादरों में लिपटे और जगह-जगह लोग अलाव पर हाथ सेंकते नजर आए।
बाजारों में भी कोई खास भीड़ नजर नहीं आई। शाम छह बजे ही फिर से कोहरा आ जाने से लोगों में घर पहुंचने की जल्दी रही। वहीं, ट्रेनों के देरी से पहुंचने की वजह से हजारों यात्री स्टेशन पर ठंड में ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए। अनेक यात्रियों को टिकट वापस कर लौटना पड़ा, जबकि कम दूरी के यात्रियों ने बस आदि का सहारा लिया।