यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जनमंच में सुरक्षा को लेकर प्रधानाचार्य व शिक्षको की बैठक में जानकारी ?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिले के सभी केंद्र व्यवस्थापकों, विभागीय पर्यवेक्षकों, सचल दल प्रभारियों, जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सुरक्षा व्यवस्था से लेकर परीक्षा की तैयारियों के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने सुरक्षा को लेकर अहम जानकारी दी, जबकि अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने अनुपस्थित मजिस्ट्रेटों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को जनमंच सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह ने कहा कि केंद्र व्यवस्थापकों एवं मजिस्ट्रेटों ही परीक्षा केंद्र के अंदर स्मार्ट फोन रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही तलाशी ली जाएगी। बालिका परीक्षार्थी की तलाशी केवल महिला कक्ष निरीक्षक ही ले सकती है। परीक्षा की अवधि में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सभी विद्युत अभियंताओं को परीक्षा केंद्रों पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति कराने और मुख्य चिकित्साधिकारी को परीक्षा केंद्रों पर फस्ट एड किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर रखे गए प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस बल परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले और परीक्षा समाप्त होने के आधा घंटा बाद तक तैनात रहेगा। प्रश्नपत्रों के पैकेट को वायस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में खोला जाएगा और उत्तर पुस्तिकाओं को सील किया जाएगा।
अनुपस्थित मजिस्ट्रेटों का वेतन काटने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह ने बैठक में अनुपस्थित मजिस्ट्रेटों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इनमें सेक्टर मजिस्ट्रेट रामजतन मिश्रा, ओपी राम, रोहित गौतम, स्टेटिक मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, जावेद अली, राशिद, सुनील कुमार सरोज, आशेराम, रणवीर सिंह, यशपाल सिंह, राकेश शर्मा, गुरदीप सिंह, विराज त्रिपाठी शामिल हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जनमंच आयोजित बैठक में भाग लेते प्रधानाचार्य व शिक्षको- फोटो : SAHARANPUR