देवबंद (सहारनपुर)। इस्लामी तालीम के दूसरे बड़े इदारे दारुल उलूम वक्फ प्रबंधतंत्र ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दो सितंबर से ऑनलाइन पढ़ाई का फैसला लिया है।
कोरोना महामारी के चलते पिछले करीब चार माह से दीनी इदारे बंद हैं और इसी के चलते इस वर्ष दारुल उलूम और दारुल उलूम वक्फ सहित अन्य संस्थाओं में नये प्रवेश भी नहीं लिए गए हैं। पुराने छात्रों को प्रोन्नति देकर अगली कक्षाओं में भेजा गया था। दीनी इदारे उम्मीद लगाए बैठे थे कि सरकार शीघ्र ही दिशा निदर्शों के साथ शिक्षण संस्थाओं को खोलने का आदेश जारी करेगी। लेकिन देश में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए ऐसा नहीं हुआ। इसलिए दीनी तालीम के दूसरे बड़े इदारे दारुल उलूम वक्फ ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखकर ऑनलाइन पढ़ाई का फैसला लिया है। संस्था के शिक्षा विभाग के प्रभारी मौलाना अहमद खिजर शाह मसूदी ने बताया कि दो सितंबर से संस्था की वेबसाइट www.dud.edu.in पर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की जाएगी। वेबसाइट पर ही पूरा पाठ्यक्रम कक्षा के हिसाब से अपलोड किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि छात्र किसी भी प्रकार के सवालों के जवाब व्हाट्सअप ग्रुप के जरिये उस्तादों से पूछे सकते हैं। मौलाना अहमद खिजर ने यह भी कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई के लिए अलग से कोई एप नहीं होगी। वेबसाइट पर जो सबक डाला जाएगा उसे न तो डाउनलोड और न ही शेयर किया जा सकेगा।