सहारनपुर। पेंशनधारकों को अब सालाना लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) जमा कराने के लिए कोषागार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक नवंबर से घर बैठे ही स्मार्टफोन(मोबाइल) के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की व्यवस्था शुरू हो गई है।
सोमवार को जेवी जैन कॉलेज रोड स्थित कोषागार कार्यालय पहुंचे पेंशनधारकों को मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 16,500 पेंशनधारक हैं। नई व्यवस्था से बुजुर्ग और अस्वस्थ पेंशनधारकों को विशेष राहत मिलेगी। पेंशनधारक अपने मोबाइल फोन में आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण एप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद आधार नंबर, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और पेंशन से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी। ओटीपी सत्यापन के बाद मोबाइल कैमरे से चेहरे की पहचान कर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किया जा सकेगा।
प्रमाण पत्र ऑनलाइन संबंधित कोषागार तक पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन पेंशनधारकों के पास स्मार्टफोन नहीं है या जिन्हें तकनीकी जानकारी नहीं है, वे बैंक शाखा, डाकघर और जनसेवा केंद्र के माध्यम से भी जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा पांच नवंबर से कोषागार में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के तहत शिविर लगाया जाएगा। पेंशनधारकों की सुविधा के लिए जागरूकता भी की जाएगी।