सहारनपुर। जनसुनवाई में आई म्हाड़ी स्थित शिव मंदिर पर कब्जे की शिकायत पर अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने प्रवर्तन दल को जांच कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आई कुल पांच शिकायतों में से एक का निस्तारण कर दिया गया।
वार्ड सात जाटव नगर निवासी रवि प्रकाश बौद्ध द्वारा पूर्व सभासद के मकान के सामने वाली गली में सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक व सफाई कर्मचारी को भेजकर सफाई कराई गई। वार्ड 24 के नरेश चंद भटनागर ने गांधी आश्रम से सतयुग आश्रम तक नाली की सफाई कराने की मांग की। क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक को स्थलीय निरीक्षण कर सफाई कराने के निर्देश दिए। वार्ड 34 पंजाबी बाग निवासी परीक्षा देवी ने कुछ लोगों द्वारा छत पर अवैध रूप से पानी का पादप लगाने की शिकायत की। प्रवर्तन दल प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए गए। वार्ड 24 रामनगर पठानपुरा के शिवा ने आटा चक्की वाली गली में आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। अपर नगरायुक्त ने पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सब्जी मंडी क्षेत्र से हटवाया अतिक्रमण
सहारनपुर। जिला प्रशासन और नगर निगम ने मंगलवार को जामा मस्जिद से लेकर सब्जी मंडी होते हुए दाल मंडी पुल तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रशासन व नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। यहां अनेक दुकानदारों ने न केवल अपना सामान बाहर फैला रखा था बल्कि आधी सड़क तक तिरपाल भी लगा रखी थी। ऐसे करीब एक दर्जन दुकानदारों की तिरपाल नगर निगम ने जब्त की। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एचबी गुरुंग ने बताया कि 50 से अधिक दुकानों से अतिक्रमण हटाने के अलावा करीब 30 रेहड़िया हटाई गई हैं।