-- बसपा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हज यात्रा पर जाने वालों के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की बाध्यता को समाप्त करने की मांग की है।
सांसद ने कहा कि इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। इस प्रावधान का असर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों पर पड़ेगा। सांसद ने कहा कि वर्ष 2019-20 के वित्तीय बजट में वित्त मंत्रालय द्वारा बजट पेश करते समय यह प्रावधान किया गया है। इस्लाम-धर्म में हज-यात्रा मुस्लिम समाज के लिए जीवन में अत्यंत पवित्र यात्रा है, जो व्यक्ति आर्थिक रूप से पिछड़े व कमजोर होते हैं, वह भी इस यात्रा को करने की आशा रखते हैं। नियमित रूप से आय के संसाधन नहीं होते कि वह आयकर रिटर्न दाखिल कर सकें। इस प्रावधान से आर्थिक रूप से कमजोर मुस्लिम समाज लोग हज यात्रा करने से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान में धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार को दृष्टिगत रखते हुए इस प्रकार का प्रावधान किया जाना धार्मिक समानता के प्रतिकूल है एवं धार्मिक भेदभाव पैदा करने की श्रेणी में आता है।
----------
- बहुजन क्रांति मोर्चा ने दिया एक दिवसीय धरना
सहारनपुर। बहुजन क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को हकीकतनगर स्थित धरनास्थल पर एक दिवसीय धरना दिया। प्रदेश में बढ़ते अपराध और हाथरस कांड को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान बहुजन क्रांति मोर्चा के जिला संयोजक मोहकम सिंह, कृष्ण कुमार, जसवीर वाल्मीकि, प्रतिभा बर्मन, हसीन कुरैशी, रवि गौतम, अशोक वाल्मीकि, विनय कुमार, पवन सिंह, राजकुमार परोचा, राजकुमार, रमेशचंद आदि मौजूद रहे।