जिला अस्पताल में विरोध जताती नर्स
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। विभिन्न मांगों को लेकर राजकीय नर्सेज संघ से जुड़ीं नर्सों का आंदोलन दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। सभी नर्सों ने हाथ पर काली पट्टी बांधकर सरकार का विरोध जताया, साथ ही 27 फरवरी तक विरोध जारी रखने का एलान किया।
राजकीय नर्सेज संघ की मंडल एवं जिलाध्यक्ष सुनयना आलम ने बताया कि संगठन पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, संविदाकर्मियों को नियमित करने, महिला नर्सों को गृह जनपद में तैनाती देने, केंद्र कर्मियों के समान भत्ते देने समेत कई मांगें करीब दो साल से सरकार के समक्ष रखता आ रहा है। मगर प्रदेश सरकार सिस्टर और स्टाफ नर्सों की आवाज को लगातार अनसुना कर रही है। इससे पता चलता है कि सरकार नर्सों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। यही वजह है कि संगठन ने 19 से 27 फरवरी तक बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर सरकार का विरोध जताने का निर्णय लिया है, जब तक सिस्टर और स्टाफ नर्सों की एक-एक मांग मान नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। शनिवार को काली पट्टी बांधकर काम करने वालों में सुनयना आलम, अनिरुद्ध नैयर, मनोज शर्मा, आशीष श्रीवास्तव, रूही, वेदप्रकाश, अंजू आदि शामिल रहीं।