नागेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को सहारनपुर के डीएम का चार्ज संभाल लिया। कलक्ट्रेट का भ्रमण करने के बाद उन्होंने पत्रकार वार्ता की। आम जन से जुड़ी सुविधाओं जैसे सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को अपनी प्राथमिकता बताया।
डीएम एनपी सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों का क्रियान्वयन कराते हुए जन-जन तक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। जनपद के भीतर और जनपद को अन्य जिलों से जोड़ने वाली सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जाएगा। भूमाफियाओं को चिह्नित कर उनके विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकारी योजनाओं पर अमल कराने के साथ ही समाज सेवा करने के इच्छुक लोगों को साथ लेकर जनता को लाभ पहुंचाया जाएगा। सभी मजहब के लोगों के बीच प्यार और भाईचारा बना रहे। इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।
साहित्य, रंगकर्म, सामाजिक और पत्रकारिता से जुड़े अच्छे लोगों को साथ लेकर समाज को सही दिशा देने का काम किया जाएगा। सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों की फीस वृद्धि से जुड़े सवाल पर डीएम ने बताया कि जल्द ही स्कूलों के साथ बैठक की जाएगी। बताया कि आरटीई के तहत गरीब बच्चों के कान्वेंट स्कूलों में पढ़ाने के संबंध में बीएसए से जवाब मांगा गया है।