सहारनपुर। खुले नाले अक्सर हादसों का सबब बनते रहे हैं, लेकिन सीएम ग्रिड योजना में बनाई जा रही सड़क के तहत नालों को कवर कर उनके ऊपर फुटपाथ तैयार किया जा रहा है। यानी अब नालों में गिरने का डर नहीं रहेगा, बल्कि भरोसे का सफर होगा। फुटपाथ बनने के बाद लोग वाहनों की चपेट में आने से भी बच सकेंगे।
सीएम ग्रिड योजना में कलक्ट्रेट तिराहे से हकीकतनगर और सदर कोतवाली को होते हुए दीवानी कचहरी तिराहे तक स्मार्ट रोड बनाई जा रही है।
दीवानी कचहरी तिराहे से गिल कॉलोनी के साथ-साथ सदर कोतवाली तक गहरा नाला है, जिसकी गहराई 10 से 15 फीट तक है। सड़क की चौड़ाई कम होने की वजह से अक्सर यह नाला खतरा बना रहता है।
कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नाले को मजबूत ढक्कनों से कवर करने के साथ ही उसके ऊपर टाइल्स लगाई जाएंगी, जिसके बाद यह फुटपाथ बनकर तैयार होगा। इसी प्रकार कलक्ट्रेट से हकीकतनगर तिराहे तक भी एक साइड के नाले को कवर कर उसके ऊपर फुटपाथ तैयार किया जा रहा है।