सहारनपुर। तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में हुई डकैती को एक दिन बाद छह साल पूरे हो जाएंगे। वारदात को मुकीम काला गैंग ने अंजाम दिया था। यह मुकदमा ट्रायल पर पहुंच गया है, लेकिन अभी आरोपियों को सजा होने का इंतजार है। वैसे मुकदमे में साक्ष्य के लिए इसी माह 19 फरवरी की तारीख लगी है।
यह वारदात 15 फरवरी 2015 को हुई थी। तब 10 करोड़ रुपये की डकैती बताई गई थी, लेकिन बाद में यह रकम घटकर काफी कम हो गई थी। शोरूम के मालिक राजेश गुप्ता के पुत्र आशीष की तरफ से सदर बाजार कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मुकदमा अपर सत्र न्यायाधीश (कक्ष संख्या-06) के न्यायालय में विचाराधीन है। मुकदमे में 40 गवाह हैं, जिनमें वादी, प्रत्यक्षदर्शी और पुलिस के गवाह शामिल हैं। अधिवक्ता सतीश चौधरी ने बताया कि मामले में अगली तारीख 19 फरवरी लगी है। इतने दिनों में तनिष्क ज्वेलरी शोरूम अब पूरा स्टाफ बदल गया है। शोरूम संचालक आशीष गुप्ता केवल इतना कहते हैं कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, अदालत का फैसला आने का इंतजार है।
यह हुई थी बरामदगी
न्यायालय में चल रहे सरकार बनाम मोबीन मामले में लगाई चार्जशीट में दो पिस्टल, एक रिवाल्वर और 18 कारतूस, सोने की चेन, कुंडल, चांदी की तीन जोड़ी झुमकी, चांदी की चेन, लॉकेट, कुंडल और 650 रुपये नकदी बरामद होने का जिक्र है।
इनके खिलाफ लगी थी चार्जशीट
मोबीन निवासी गुज्जरवाड़ा देवबंद, जुल्फाना निवासी जंधेड़ी (कैराना), जासमीन उर्फ लाली पत्नी मुकीम काला निवासी जहानपुरा (कैराना) और इरशाद निवासी खानपुर गंगोह के खिलाफ 15 जून 2015 को चार्जशीट दाखिल की गई। इसके बाद अक्तूबर में मुकीम काला और साबिर जंधेड़ी गिरफ्तार हुआ तो, इनके सहित अन्य बदमाशों के खिलाफ भी आरोप पत्र दाखिल हुआ था। इनमें से जुल्फाना, जासमीन उर्फ लाली और इरशाद इस मुकदमे में 2016 में जमानत मिल गई थी, जबकि साबिर जंधेड़ी मुठभेड़ में मारा जा चुका है। सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मुकीम काला सहित वारदात में शामिल सभी बदमाशों के खिलाफ चार्जशीट लग चुकी है।
15 मिनट में हुई थी वारदात
शहर में घंटाघर चौक के पास सोफिया मार्केट में तनिष्क ज्वेलरी शोरूम है। 15 फरवरी 2015 की शाम करीब सवा सात बजे पुलिस की वर्दी में अत्याधुनिक हथियारों से लैस पांच बदमाश शोरूम में घुसे थे, जबकि इनके साथी बाहर खड़े रहे थे। बदमाशों के पास रिवाल्वर, पिस्टल थीं। दो बदमाश पुलिस की वर्दी में थे। शोरूम संचालक को बंधक बनाया और गार्ड को आतंकित कर कोने में कर दिया था। इसके बाद सभी काउंटरों के सोने, चांदी, डायमंड के जेवरात के बॉक्स उठाकर बैग में भरकर ले गए। सीसीटीवी का सेटअप भी उखाड़कर अपने साथ ले गए थे। पूरी वारदात महज 15 मिनट में हुई थी।