फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: चिकित्सक पर हमले के मामले में नौ साल बाद कुख्यात नीरज बवाना दोषमुक्त

Sun, 05 Jul 2026 01:15 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
देवबंद(सहारनपुर)। चिकित्सक डॉक्टर अनुज गोयल पर हुए जानलेवा हमले के नौ साल पुराने मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवेंद्र नाथ सिंह की अदालत ने नीरज बवाना को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। अभियोजन पक्ष नीरज पर लगाए गए आरोपों को संदेह से परे सिद्ध करने में असफल रहा।
विज्ञापन

शनिवार को दिल्ली तिहाड़ जेल में बंद नीरज बवाना की वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिये पेशी हुई। पुलिस विवेचना के बाद नीरज बवाना के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने चिकित्सकों, पुलिस अधिकारियों और अन्य गवाहों सहित कई मौखिक एवं दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए। वहीं बचाव पक्ष ने अभियोजन के साक्ष्यों पर सवाल उठाए। घंटों चली सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद नीरज बवाना को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त मुक्त कर दिया।
निर्णय में न्यायालय ने कहा कि अभियोजन पक्ष उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों को संदेह से परे प्रमाणित नहीं कर सका। ऐसे में आरोपी नीरज बवाना को धारा 307, 386 एवं 120-बी के आरोपों से दोषमुक्त कर दिया गया। साथ ही न्यायालय ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 437-ए के तहत भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उपस्थित होने के लिए निर्धारित शर्तों के अनुरूप निजी मुचलके एवं प्रतिभूति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


यह था मामला
चार अप्रैल 2017 को चिकित्सक अनुज गोयल पर बदमाशों ने नर्सिंग होम में घुसकर फायरिंग की थी। इसमें एक गोली पैर में लगने से चिकित्सक घायल हो गए थे। मामले में उनकी पत्नी डॉ. लीना गोयल ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में गत 12 जून को भी दिल्ली पुलिस भारी सुरक्षा में नीरज बवाना को पेशी के लिए देवबंद न्यायालय में लाई थी।

कौन है कुख्यात नीरज बवाना
नीरज बवाना दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र का बड़ा गैंगस्टर है। उसका नाम कई संगठित अपराध, रंगदारी, हत्या और गैंगवार से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। दिल्ली के बवाना क्षेत्र से संबंध होने के कारण वह नीरज बवाना के नाम से पहचान रखता है। पिछले कई वर्षों से वह विभिन्न आपराधिक मामलों में न्यायिक हिरासत और अदालतों में चल रही सुनवाई के कारण चर्चा में रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें