संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। आदेशों की अवहेलना पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सख्त रुख अपनाते हुए सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रविशंकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि आदेशों की अवहेलना पर क्यों न आपके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाए।
कारण बताओ नोटिस में जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यंत कम खरीद करने वाले पीसीएफ के केंद्र प्रभारियों को तीन कार्य दिवस का अवसर प्रदान करने और उसमें भी खरीद में प्रगति नहीं होने पर उन्हें निलंबित करने का मौखिक आदेश दिया गया था। इनमें बी पैक्स भाटौल, बी पैक्स राजूपुर, बी पैक्स रणखंडी, बी पैक्स कुरड़ी और बी पैक्स कुरड़ीखेड़ा शामिल हैं। नोटिस में उन्होंने कहा कि इन केंद्र प्रभारियों द्वारा गेहूं खरीद में अपेक्षित प्रगति नहीं किए जाने के बावजूद उनके विरुद्ध निर्देशानुसार कार्रवाई नहीं की गई। छह मई को अपर जिलाधिकारी प्रशासन और गेहूं खरीद की नोडल अधिकारी ने भी केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए वार्ता की।
इसके बावजूद अभी तक भी निर्देशों का पालन नहीं किया गया है। आदेशों का पालन नहीं करना और गेहूं खरीद जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उन्होंने नोटिस में दो दिनों में कारण स्पष्ट करने के निर्देश देते हुए कहा कि आदेशों की अवहेलना करने पर क्यों न आपके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाए।
वर्जन
कारण बताओ नोटिस मिल गया है। बी पैक्स रणखंडी के केंद्र प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। क्योंकि इन्हें निलंबित करने का अधिकार बोर्ड को होता है, इसलिए देरी हुई है। अन्यों के विरुद्ध भी कार्रवाई के लिए बोर्ड ने प्रस्ताव पास किया है।
-रविशंकर, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता