संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। विधानसभा चुनाव में व्यय प्रेक्षकों ने प्रत्याशियों से चुनावी खर्च का ब्योरा लेना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जनपद की सातों विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 71 प्रत्याशियों को खर्च का ब्योरा देने के लिए बुलाया गया था। इसमें अनुपस्थित रहने वाले 15 प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
शुक्रवार को लेखा प्रेक्षकों ने जनपद की सातों विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 71 प्रत्याशियों के खर्च का हिसाब लेने के लिए बुलाया। इनमें 15 प्रत्याशियों के प्रतिनिधि अनुपस्थित रहे, जबकि कई प्रत्याशियों का खर्च सही प्रारूप पर नहीं होने के चलते उन्हें इसे शनिवार दोपहर तक ठीक करने का निर्देश दिए। अनुपस्थित 15 प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए गए। अनुपस्थित रहने वालों में गंगोह विधानसभा सीट के मौसम अली राना, देवबंद के राहत खलील, जहीर हसन, उमैर मदनी, प्रवीण कुमार धीमान, बिजेंद्र सिंह, सहारनपुर विधानसभा सीट से पिंकी, बेहट से मोहम्मद इकराम, रईस मलिक, सहारनपुर नगर से कमरुद्दीन, नकुड़ से अतुल कुमार, आशीष त्यागी, रिजवाना, रामपुर मनिहारान विधानसभा सीट के अरविंद कुमार एवं सचिन कुमार शामिल हैं। ये प्रत्याशी ना तो स्वयं आए और ना ही इनके प्रतिनिधि पहुंचे। मुख्य कोषागार अधिकारी सत्येंद्र सागर ने बताया कि 15 प्रत्याशियों को नोटिस भेजकर अपने खर्चे का ब्योरा देने के निर्देश दिए गए हैं।