रामपुर मनिहारान में ट्रांसफार्मर को लेकर प्रदर्शन करते उपभोक्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
इसलामनगर रोड पर एक माह से खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर की कोई सुध लेने वाला नहीं है। इससे जुड़े क्षेत्र के लोग एक माह से भीषण गर्मी और रात के अंधेरे से परेशान हैं।
शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पावर कार्पोरेशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया, तो वह विद्युत घर पर अनशन पर बैठ जाएंगे।
इसलामनगर रोड ईदगाह के पास एक रखा विद्युत ट्रांसफार्मर एक माह से फुंका पड़ा है। दस दिन पूर्व विद्युत निगम के कर्मियों ने इसे उठा लिया था, लेकिन आज तक नया ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया है।
एक माह से ग्रामीण भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। विद्युत उपकरण ठप पड़े हैं। उपभोक्ता शफीक अहमद ने बताया कि कस्बे में लगातार हो रही चोरी, डकैती की वारदातों से लोग डरे हुए हैं। रात के अंधेरे में ग्रामीण अपने-अपने क्षेत्र में पहरा देने को मजबूर हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर फुंके पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया तो वह विद्युतघर पर अनशन पर बैठ जाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में शेर सिंह, बिरम पाल, अजय, आफताब, नासिर, अकरम, मोहसीन, संजय, वसीम आदि रहे।