सहारनपुर। नसरुल्लागढ़ स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज का रपटा बहने के बाद मंडलायुक्त की तरफ से जांच के आदेश दिए गए हैं। प्राथमिक जांच में आया कि कॉलेज तक पहुंचने के लिए नदी पर रपटा बनाने से पहले कार्यदायी संस्था द्वारा सिंचाई विभाग से एनओसी ही नहीं ली गई थी, जो बड़ी लापरवाही रही।
दरअसल, बेहट क्षेत्र में बरसाती नदी के किनारे पर स्पोर्ट्स कॉलेज तैयार किया गया है। बसपा सरकार में आवंटित हुआ स्पोर्ट्स कॉलेज हाल ही में पूर्ण हो सका है। 16 साल के इंतजार के बाद जब कॉलेज तैयार हुआ और इसमें प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। तभी बरसात में कॉलेज तक पहुंचने के लिए नदी पर बनाया गया रपटा बह गया। इससे नई समस्या खड़ी हो गई है। साथ ही भविष्य में कॉलेज तक जाने और आने तथा कॉलेज में रहने वाले छात्रों की चिंता भी प्रशासन को सता रही है। ऐसे में मंडल आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार के निर्देश रपटा बहने की जांच बिठा दी है। जांच की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को दी गई है।
सिंचाई विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रपटा बनाने के लिए सिंचाई विभाग से एनओसी नहीं ली गई थी, जबकि बिना एनओसी के किसी भी नदी पर कोई निर्माण नहीं कराया जा सकता है खासकर पुल या रपटे का। बहरहाल, अब दोनों विभाग के अधिकारी रपटा बहने के कारणों को तलाशेंगे। साथ ही स्पोर्ट्स कॉलेज तक पहुंचने के लिए क्या बेहतर किया जा सकता है। इसके अलावा भविष्य में कॉलेज तक तो बरसाती नदी का असर नहीं रहेगा और छात्रावास में रहने वाले छात्र कैसे सुरक्षित रहेंगे। इस पर भी दोनों विभाग मिलकर कार्ययोजना तैयार करेंगे।
-
यह बोले अधिकारी
- सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण जोशिया ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर जांच की जानी है। यदि पुल निर्माण की जरूरत पड़ी तो वह लोक निर्माण विभाग बनाएगा।
- लोक निर्माण के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि प्रशासन के जो भी निर्देश हैं उनका पालन करते हुए स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए बेहतर-से-बेहतर विकल्प तलाशा जाएगा।
-
स्पोर्ट्स कॉलेज तक पहुंचने के लिए बरसाती नदी पर बना रपटा पिछले दिनों बरसात में बह गया था। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग से जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. रूपेश कुमार, मंडल आयुक्त।