गंगोह। गांव सिकंदरपुर उर्फ गोसगढ़ निवासी किसान उत्तम कुमार से आंगनबाड़ी में नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपये हड़प लिए गए। रुपया वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने मंडलायुक्त अटल कुमार राय से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने जांच के आदेश दिए हैं।
उत्तम कुमार ने आरोप लगाया कि नवंबर 2024 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पदों के लिए विज्ञापन जारी हुआ था। इस पर उन्होंने अपनी पत्नी ज्योति चौधरी और भाभी हैप्पी चौधरी के नाम से ऑनलाइन आवेदन किया था। इसी दौरान उनकी मुलाकात बाल विकास विभाग के एक कर्मचारी से हुई। उसने चार लाख रुपये देने पर दोनों की नौकरी लगवाने की बात कही। बीते वर्ष 28 नवंबर को उसने अधिकारी को एक लाख 71 हजार रुपये नकद तथा चालक के खाते में फोन पे के माध्यम से 29 हजार रुपये ट्रांसफर किए।
इसके बाद नियुक्ति का आश्वासन दिया गया, लेकिन दोनों महिलाओं की नियुक्ति नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। आईजीआरएस पर शिकायत की गई तो गंगोह सीओ की जांच में भी चालक ने रुपये अधिकारी द्वारा लेने की बात कही है, लेकिन उसके बाद भी उसके रुपये वापस नहीं कराए जा सके हैं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने जिला कार्यक्रम अधिकारी और सीडीओ को जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।