सहारनपुर के देवबंद में अपना पैसा लेने के लिए बैंकों की लाइन में खड़े लोगों के साथ अब पुलिस सख्ती के साथ पेश आनी लगी है। जिससे हालात और बिगड़ते दिख रहे हैं।
बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक के बाहर लाइन में लगे लोगों पर पुलिस ने लाठियां भांजी तो वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान कई लोगों के मामूली रुप से जख्मी होने की चर्चा भी है।
नोटबंदी के बाद जो हालात बने हुए हैं वो किसी से छुपे नहीं है। जिस किसी बैंक पर नजर डालें तो हर जगह लोगों की लंबी लंबी लाइनें लगी हुई हैं। बैंक अधिकारियों के मनमाने रवैये से जहां लोग परेशान होकर हंगामा करने को मजबूर हैं।
वहीं अब खाकी भी अपना असल रुप दिखाने लगी है। बुधवार को रेलवे रोड़ स्थित भारतीय स्टेट बैंक के बाहर लोगों ने उस समय हंगामा करना शुरु कर दिया। जब सुबह से लाइनों में लगने के बावजूद शाम तक भी उनका नंबर नहीं आया।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वहां लाठियां भांजनी शुरु कर दी। जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। इसमें कई लोग मामूली रुप से चोटिल होना भी बताए जा रहे हैं। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने बैंक के भीतर पहुंचकर गेट ही बंद कर लिया।
गुस्साए लोगों ने बैंक के गेट को पकड़कर उसे हिलाना शुरु कर दिया। लेकिन गेट नहीं खोला गया। इससे लोगों में बैंक अधिकारियों और पुलिस के प्रति भारी रोष पनपा हुआ है।
लोगों का कहना था कि उन्हें अपने ही पैसे लेने के लिए पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं। अब बड़ा सवाल यह भी उठता है कि बैंक पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को किसने लोगों पर लाठियां फटकारने की इजाजत दी और यदि इससे वहां हालात बिगड़ जाते तो इसकी जवाबदेही किसकी होती।
बैंकों के बाहर जमा भीड़ में शामिल होकर जेबकतरे पहले से परेशान लोगों पर आफत बनकर टूट रहे हैं। बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक के बाहर जेबकतरों ने ऐसा आतंक मचाया कि लोग एक दूसरे की शकल ही देखते रहे।
जेबकतरों ने जहां करीब नौ लोगों की जेबों पर हाथ साफ कर नगदी निकालकर ले गए। वहीं वह सात लोगों की जेबों से मोबाइल भी चोरी करके ले गए।