सहारनपुर। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत विकसित की जाने वाली न्यू टाउनशिप की बुनियाद कर्ज के सहारे पर टिकेगी। सहारनपुर विकास प्राधिकरण की 77वीं बोर्ड बैठक में 100 करोड़ रुपये का ऋण लेने को स्वीकृति दी गई।
विकास प्राधिकरण दिल्ली रोड पर 52.20 हेक्टेयर भूमि पर न्यू टाउनशिप विकसित करने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इस योजना का नाम मां शाकंभरी देवी आवासीय योजना रखा गया है। योजना दो चरणों में विकसित होगी। पहले चरण में 30 हेक्टेयर भूमि पर और दूसरे चरण में 22.20 हेक्टेयर भूमि पर काम होगा। न्यू टाउनशिप में नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। भूमि खरीद की प्रक्रिया काफी हद तक हो चुकी है।
भूमि खरीद के लिए शासन से 75 करोड़ रुपये मिलते ही विकास प्राधिकरण ने संबंधित किसानों से भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। अभी तक गांव चुन्हेटी गाड़ा, सैदपुरा और बहलोलपुर क्षेत्र के किसानों से 30 हेक्टेयर भूमि खरीद ली गई है। पहले चरण में विकसित होने वाली न्यू टाउनशिप में दस सेक्टर होंगे। इसमें खेल मैदान और सभी सेक्टरों में एक-एक पार्क बनेगा। आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।