सहारनपुर। ग्रामीण अंचलों की स्वास्थ्य सेवाएं अब और बेहतर होंगी। स्वास्थ्य विभाग को 29 नए एमबीबीएस डॉक्टर मिले हैं, जिन्हें शासकीय सेवा बांड के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियुक्त किया जाएगा। इनमें से 12 डॉक्टरों की तैनाती हो भी चुकी है, जबकि शेष की नियुक्ति इसी माह तक हो जाएगी।
लंबे समय से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे हैं। इससे गांव के बीमारों को इलाज में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब नए डॉक्टरों की नियुक्ति से इस संकट के दूर होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिन सीएचसी में इस समय कोई डॉक्टर कार्यरत नहीं है, वहां सबसे पहले इन नए डॉक्टरों को तैनात किया जाएगा। इसके बाद उन सीएचसी पर तैनाती होगी, जिनमें डॉक्टर कम है। संवाद