सहारनपुर। जिन बीमारों को ऑक्सीजन समय पर नहीं मिल पा रही है, उनके लिए अच्छी खबर है। सहारनपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में नया ऑक्सीजन प्लांट लगने जा रहा है। उसके लिए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने 1.90 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है।
इस तरह के छह ऑक्सीजन प्लांट देशभर में लगने हैं। उनमें से सहारनपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी इस प्लांट के लगाने के लिए प्रयास चल रहा था। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि प्लांट स्थापित कराने के लिए 1.90 करोड़ रुपये की धनराशि का चेक सौंप दिया गया है। जल्दी ही प्लांट स्थापित होगा, उसके शुरू होने पर जिले में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं होगी। क्योंकि यह प्लांट 170 जंबो सिलिंडर के बराबर प्रतिदिन गैस उत्पादन करेगा। उसके लिए किसी तरह के कच्चे माल की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि वातावरण से हवा लेकर ऑक्सीजन निकालकर प्यूरीफाई करते हुए सीधे टैंक के जरिये पाइपलाइन से अस्पताल के वार्ड तक सप्लाई हो सकेगी।
व्यापारी और उद्यमी कर रहे थे मांग
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अनुपम गुप्ता ने बताया कि जिले में इस तरह के ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी और उद्यमी व व्यापारी भी मांग कर रहे थे, ताकि जिले में ऑक्सीजन की कमी की वजह से मरीजों की जान खतरे में ना होने पाए। अनुपम गुप्ता का कहना है कि जिला प्रशासन ने प्लांट के लिए धनराशि जारी करके सराहनीय कदम उठाया है।